ABRSM के जयपुर अधिवेशन में प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगी उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी

आश्विन शुक्ल एकादशी संवत् २०८२ , ३ अक्टूबर २०२५ जयपुर

अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (ABRSM) का 9वां त्रिवार्षिक राष्ट्रीय अधिवेशन 5 से 7 अक्टूबर 2025 तक जयपुर स्थित केशव विद्यापीठ, जामडोली में आयोजित होगा। इस तीन दिवसीय आयोजन में देशभर के 29 राज्यों से लगभग 3500 शिक्षक प्रतिनिधि शामिल होंगे। यह अधिवेशन ‘शिक्षक राष्ट्र के लिए’ विषय पर केंद्रित रहेगा।

कार्यक्रम के संयोजक राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा ने बताया कि कार्यक्रम में महासंघ की अब तक की यात्रा को जीवंत करने वाली एक प्रदर्शनी 4 अक्टूबर को सायं 7:00 बजे लगाई जाएगी, इसका उद्घाटन उपमुख्यमंत्री राजस्थान दीया कुमारी ,जयपुर सांसद मंजू शर्मा और महापौर कुसुम यादव करेंगी। प्रदर्शनी में महासंघ की गतिविधियों शैक्षणिक दृष्टिकोण और राष्ट्रीय भूमिका का दस्तावेजीकरण प्रस्तुत किया जाएगा। प्रदर्शनी में 20 स्टालों पर साहित्य एवं जयपुर की कुछ प्रमुख वस्तुएं विक्रय के लिए उपलब्ध रहेंगी।

अधिवेशन का उद्घाटन सत्र 5 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे होगा। इसका शुभारंभ राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे। इस अवसर पर राजस्थान सरकार के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, अनेक विश्वविद्यालयों के कुलपति और देश के प्रमुख शिक्षाविद भी उपस्थित रहेंगे।

अधिवेशन के दूसरे दिन 6 अक्टूबर को सायंकाल तीन शिक्षकों को अखिल भारतीय ‘शिक्षा भूषण शिक्षक सम्मान’ से अलंकृत किया जाएगा। सम्मानित शिक्षकों को ₹1 लाख की नकद राशि, प्रशस्ति पत्र और चाँदी की प्लेट प्रदान की जाएगी। सम्मान कार्यक्रम आचार्य महामण्डलेश्वर जूना पीठाधीश्वर पूज्यपाद स्वामी अवधेशानन्द जी महाराज एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व सहसरकार्यवाह श्री सुरेश सोनी के सानिध्य में आयोजित होगा। इस वर्ष का अखिल भारतीय शिक्षा भूषण शिक्षक सम्मान प्रो भगवती प्रकाश शर्मा राजस्थान, प्रो सुषमा यादव दिल्ली तथा श्री वी जे श्रीकुमार केरल को दिया जाएगा।

एबीआरएसएम के सह मीडिया प्रमुख बसंत जिंदल ने बताया कि अधिवेशन में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के पाँच वर्ष पूर्ण होने पर समीक्षा एवं भविष्यपथ, सीमा से समाज तक राष्ट्रीय सुरक्षा तथा शिक्षकों की समस्याओं को लेकर तीन प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। अधिवेशन में विभिन्न विषयों पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, यूजीसी के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर एम. जगदीश कुमार, एनसीईआरटी के निदेशक प्रोफेसर दिनेश सकलानी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य हनुमान सिंह राठौड़ सहित विभिन्न विचारकों, शिक्षाविदों का उद्बोधन एवं मार्गदर्शन भी रहेगा।

भवदीय

(बसन्त जिन्दल) सह-मीडिया प्रमुख

अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ

मो. 9414716585

संपर्क सूत्र-

श्री देवेंद्र शर्मा 94142 02817